नई दिल्ली । दिनांक 09 सितंबर 2025 : दिल्ली के पश्चिमी जिले मे स्थित नागलोई के वीणा एन्क्लेव क्षेत्र में मंगलवार सुबह सिलेन्डर मे आग लगने के कारण एक खौफनाक स्थिति बनने से पहले ही महिला की सूझबूझ ने बड़ा हादसा टाल दिया । सुबह करीब 7 बजे मकान नंबर 30 में रहने वाली महिला अपने किचन में खाना बना रही थी कि अचानक गैस लीक होने की तेज़ गंध महसूस हुई। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, सिलेंडर में आग लग गई और लपटें उठने लगीं।
लेकिन घबराने की बजाय महिला ने पूरी समझदारी से काम लिया। उन्होंने बिना समय गँवाए जलते सिलेंडर और चूल्हे को खींचकर सीढ़ियों की तरफ खिसकाकर आग को घर के अंदर फैलने से रोका । उनकी मदद के लिए परिवार और पड़ोसी तुरंत पहुँच गए। सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया ।
इसी बीच महिला के बेटे हिमांशु ने गीला कंबल लपेटकर सिलेंडर के चारों ओर आग को पूरी तरह से शांत कर दिया। दमकल विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन वे घटनास्थल पर पहुँचते उससे पहले ही स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई।
इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, जबकि किचन का एक हिस्सा मामूली रूप से जल गया। स्थानीय लोगों ने महिला की बहादुरी और धैर्य की जमकर सराहना की। सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे समय में घबराहट की बजाय संयम और त्वरित निर्णय ही जीवन बचा सकते हैं।
यह घटना हमें घरेलू सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का महत्वपूर्ण संदेश देती है। गैस सिलेंडर जैसे उपकरणों की देखभाल और समय पर प्रतिक्रिया किसी भी आपदा को टालने में मदद कर सकती है। आपातकाल में परिवार और पड़ोसियों का सहयोग भी किसी बड़े खतरे से बचा सकता है।
