दरिंदगी की हदें पार: ओडिशा में 10 साल की बच्ची से गैंगरेप, जीजा समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

मयूरभंज, ओडिशा: ओडिशा के मयूरभंज जिले के खुंटा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 10 साल की नाबालिग बच्ची के साथ पिछले एक महीने तक तीन लोगों ने अलग-अलग समय पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में बच्ची के जीजा और एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह जघन्य अपराध तब उजागर हुआ जब बच्ची की तबीयत खराब हुई और उसे इलाज के लिए बारिपदा पीआरएम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। अस्पताल में बच्ची ने अपनी माँ को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद माँ ने तुरंत खुंटा थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई।

पुलिस जांच में पता चला है कि पीड़िता का जीजा उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया था और उसके साथ रेप किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी जीजा पहले भी इस तरह के घिनौने कृत्य कर चुका है। दो अन्य आरोपियों, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, ने भी अलग-अलग समय पर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।

एसडीपीओ ऋषिकेश नायक ने बताया कि इस मामले में खुंटा थाने में केस नंबर 257, 258 और 259 के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!