मथुरा के राया में गेस्ट हाउस संचालक के साथ दबंगों ने की मारपीट । जान से मारने की धमकी से व्यापारियों में भय का माहौल ।

इखलाक क़ुरैशी, 05-अगस्त-2025

मथुरा के राया कस्बे की घटना, जमीन के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद

राया (मथुरा)। राया कस्बे के ग्राम ढकु निवासी और प्रतिभोज गेस्ट हाउस के संचालक हरिओम सिंह के साथ दबंगों द्वारा मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार को उस समय घटी जब कुछ लोग गेस्ट हाउस पहुंचे और जमीन के लेनदेन को लेकर विवाद करने लगे।

हरिओम सिंह पुत्र खुशीराम ने बताया कि सोनू तोमर पुत्र रामप्रसाद, निवासी मल्हे, जो स्वयं को राया थाना का हिस्ट्रीशीटर बताता है, अपने साथियों के साथ गेस्ट हाउस पर पहुंचा। साथ आए लोगों में सौरभ पुत्र अजय सिंह (ग्राम डेमरा), सौनवीर (ग्राम जावरा), श्यामवीर (ग्राम अमीरपुर), नितिन तोमर (निवासी मल्हे), अशोक पुत्र भगवान सिंह, राहुल (ग्राम डेगरा), महाजीत, गौरख शर्मा और राजकुमार उपाध्याय (थाना नगला) शामिल थे।

इन लोगों ने हरिओम सिंह और उनके भाई के साथ गेस्ट हाउस के बाहर मारपीट की। इसके बाद हरिओम को गेस्ट हाउस के अंदर खदेड़ते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इस पूरी घटना से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भय का माहौल है।

हरिओम सिंह ने राया थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!