सुंदर नगर में अवैध मुर्गा मंडी पर बुलडोजर चला, 30 ठेले और 25 फ्रिज नष्ट

नई दिल्ली, सोमवार – पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगर इलाके में सोमवार को नगर निगम (शाहदरा उत्तरी ज़ोन) और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध मुर्गा मंडी पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने यहां बुलडोजर चलाकर लगभग 30 ठेले तोड़े, 20 तख़्त और 25 फ्रिज नष्ट कर दिए। इसके अलावा, मांस रखने वाले पिंजरे, औज़ार और अन्य सामान भी जब्त किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि यह मंडी लंबे समय से बिना लाइसेंस और साफ़-सफ़ाई नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित हो रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों और स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध करते हुए मानव श्रृंखला बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत स्थिति को काबू में कर लिया। वहीं, स्थानीय निवासियों ने राहत जताई और कहा कि इस मंडी के कारण इलाके में गंदगी और बदबू की समस्या बनी रहती थी।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि साफ-सफ़ाई और सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई ज़रूरी थी। साथ ही, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में भी ऐसे अवैध बाजारों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

कुछ व्यापारियों ने हालांकि इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई और मांग की कि उन्हें स्वच्छ और हाइजेनिक व्यापार के लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!