उत्तरकाशी में तीन जगहों पर बादल फटने से तबाही, 4 की मौत, 100 से अधिक लापता

📍 धराली, उत्तराखंड | 6 अगस्त 2025

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार को बादल फटने की तीन घटनाओं ने भारी तबाही मचा दी। धराली गांव, हर्षिल आर्मी कैंप और सुखी टॉप के पास बादल फटने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस भीषण आपदा में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों में स्थानीय नागरिकों के अलावा सैनिक भी शामिल हैं । धराली गांव में खीर गंगा नदी के किनारे बादल फटने से बाढ़ और मलबे का जबरदस्त बहाव आया, जिससे पूरा गांव तबाह हो गया। कई घर, होटल और होमस्टे बह गए हैं, वहीं पूरा धराली बाजार मलबे में दब गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं। गंगोत्री हाईवे जगह-जगह से टूट गया है, जिससे राहत कार्यों में बाधा आ रही है।

हर्षिल आर्मी कैंप को नुकसान, सैनिक लापता

हर्षिल में सेना के आर्मी कैंप के पास भी बादल फटने की घटना हुई है। इससे कैंप को बड़ा नुकसान हुआ है और अब तक 11 सैनिकों के लापता होने की खबर है, जिनमें से 2 सैनिक सुरक्षित मिले हैं, जबकि बाकी की तलाश जारी है। सेना के इंजीनियरिंग दल और ITBP मौके पर राहत कार्य में जुटे हुए हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, 150 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया

जैसे ही आपदा की सूचना मिली, NDRF, SDRF, सेना, ITBP, पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। अब तक 150 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, लेकिन भारी बारिश और मलबे की वजह से राहत कार्यों में मुश्किलें आ रही हैं। भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर भी अलर्ट पर हैं, लेकिन खराब मौसम के चलते उड़ानों में रुकावटें आ रही हैं।

बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान

धराली और आसपास के क्षेत्रों में बिजली, पानी और संचार की व्यवस्था ठप हो चुकी है। सड़कें टूट गई हैं, पुल बह गए हैं, और स्थानीय लोग राशन, दवाइयों और रहने की जगह की कमी से जूझ रहे हैं। प्रशासन ने कई राहत शिविर स्थापित किए हैं जहां प्रभावितों को अस्थायी आश्रय दिया जा रहा है।

सरकारी प्रतिक्रिया और अलर्ट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवाई सर्वेक्षण कर राहत कार्यों की समीक्षा की और प्रभावितों के लिए त्वरित सहायता देने के निर्देश दिए। केंद्र सरकार ने भी राहत में मदद का आश्वासन दिया है। राज्य सरकार ने 20 करोड़ रुपये की आपदा राहत राशि जारी की है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में 10 अगस्त तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदियों और ढलानों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है।

हेल्पलाइन नंबर जारी

प्रशासन ने प्रभावितों की सहायता के लिए निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:

📞 01374-222126,
📞 01374-222722,
📱 9456556431

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!